Palamu: जिले को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पलामू पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सफाया’ शुरू किया है. पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 1 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा. अभियान के तहत पुलिस अवैध हथियार रखने वालों और अपराधियों पर कड़ी नजर रख रही है.
4 अवैध हथियार जब्त, 851 अपराधी चिन्हित
एसपी कपिल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन सफाया के तहत अब तक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 अवैध हथियार जब्त किए हैं. वहीं जिलेभर में 851 अपराधियों को चिन्हित किया गया है. पुलिस के अनुसार इन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. चिन्हित अपराधियों में सबसे अधिक संख्या शहर थाना क्षेत्र की बताई गई है, जबकि इसके बाद चैनपुर थाना क्षेत्र का स्थान है.

अवैध हथियार रखने वालों को नहीं बख्शा जाएगा
पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा है कि गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य जिले में भयमुक्त माहौल तैयार करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

SDPO को दिए गए सख्त निर्देश
अभियान को सफल बनाने के लिए पलामू एसपी ने जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है. पुलिस टीमों को अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है.
जनता से पुलिस ने मांगा सहयोग
एसपी कपिल चौधरी ने आम लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नागरिक अवैध हथियारों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को गुप्त रूप से दे सकते हैं. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
ALSO READ: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा कड़ी, Article 370 के 7 साल पूरे होने पर अमरनाथ यात्रा आंशिक रूप से रुकी

