Pakur: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव में हुए लाखों की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के कुख्यात अपराधी मिहिर ठाकुर उर्फ मिहिर नरसुन्दर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, चोरी की नगदी, चांदी के सिक्के और चोरी की वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं.
लाखों की चोरी मामले का हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, 1 मई 2026 की रात रामघाटी निवासी मनोज कुमार भगत के घर में करीब 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सामान और नगदी की चोरी हुई थी. मामले में पाकुड़िया थाना कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई. कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया.

जांच के दौरान एसआईटी को सूचना मिली कि काले रंग की थार गाड़ी में कुछ अपराधी पाकुड़िया क्षेत्र में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर ग्राम खक्सा के पास वाहन जांच शुरू की गई. पुलिस को देखकर वाहन सवार अपराधी भागने लगे, जिसमें एक आरोपी मिहिर ठाकुर को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया.
हथियार और चोरी के सामान बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद हुआ. वहीं थार वाहन से हाईड्रोलिक कटर, पेचकस, लोहे का पाइप और सबल जैसे औजार जब्त किए गए. आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 51 हजार रुपये नकद और चांदी के तीन सिक्के भी बरामद किए.
22 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. आईसीजेएस डाटा के अनुसार उसके खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में डकैती, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 22 मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई में महेशपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में पाकुड़िया, महेशपुर, रद्दीपुर ओपी और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही.
