Pakur: नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में पाकुड़ की युवा कवयित्री स्वास्तिका ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है. प्रतियोगिता का आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से किया गया.
नशामुक्ति का दिया सशक्त संदेश
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है. इसी उद्देश्य से आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को नशामुक्ति का प्रभावी संदेश दिया.
अब राज्य स्तर पर करेंगी प्रतिनिधित्व
यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की बहु-चरणीय प्रतियोगिता है. जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब स्वास्तिका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पाकुड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी.
राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखा चुकी हैं प्रतिभा
स्वास्तिका अपनी साहित्यिक और मंचीय प्रतिभा के लिए पहले से ही जानी जाती हैं. वह लगातार चार बार राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं. इसके अलावा विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई सम्मान भी हासिल कर चुकी हैं.
जिला प्रशासन ने दी शुभकामनाएं
स्वास्तिका की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, प्रतियोगिता के आयोजकों, शिक्षकों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. सभी ने उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य स्तर पर भी पाकुड़ और झारखंड का नाम रोशन करेंगी.
ALSO READ: JPSC कथित परीक्षा धांधली: CID की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी अभय तिवारी का दो और सहयोगी गिरफ्तार, होटल कनेक्शन आया सामने
