Palamu: भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में “कैच द रेन 2026” अभियान के तहत नगर पंचायत हुसैनाबाद में 30 दिवसीय विशेष जल संरक्षण अभियान चलाया जाएगा. अभियान का उद्देश्य वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जलाशयों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को बढ़ावा देने के साथ जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है. अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम, जल संवाद, पौधारोपण, वर्षा जल संचयन संबंधी गतिविधियां, सूचना-शिक्षा-संचार (आईईसी) कार्यक्रम तथा जनभागीदारी आधारित आयोजन किए जाएंगे. इसके अलावा जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं सफल प्रयासों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा. नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने शहर के नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारी संगठनों एवं अन्य हितधारकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए वर्षा जल का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है. सभी के सहयोग से ही जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाया जा सकता है. उन्होंने लोगों से “हर बूंद अनमोल है” के संदेश को अपनाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
AlsoRead:झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ी, अपराधियों के हौसले बुलंद : भाजपा



