Seraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने JSSC-PGT भर्ती में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी एक हवलदार है, जो स्वयं भी JSSC-PGT परीक्षा का अभ्यर्थी था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, ब्लैंक चेक समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं. यह मामला चौका थाना क्षेत्र का है. गुरु चरण साव की शिकायत पर चौका थाना कांड संख्या 27/2026, दिनांक 09 जुलाई 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी.शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक व्यक्ति स्वयं को JSSC-PGT भर्ती प्रक्रिया से जुड़ा अधिकारी बताकर अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था. इसके बदले वह मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, ब्लैंक चेक और मोटी रकम अपने पास रख लेता था.
हवलदार के पद पर कार्यरत है गिरफ्तार आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हजारीबाग जिले के कटकमदाग निवासी लगभग 40 वर्षीय सुशील कुमार को गिरफ्तार किया. वह वर्तमान में चतरा जिले के पिपरवार RR-03 में हवलदार के पद पर कार्यरत है.पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्वयं भी JSSC-PGT भर्ती का अभ्यर्थी था. वह चयन सूची से अभ्यर्थियों का डाटा प्राप्त कर आर्थिक रूप से कमजोर उम्मीदवारों से संपर्क करता था और अपने प्रभाव से चयन कराने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूलता था.

जांच में JSSC या उसके किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने नहीं आई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में JSSC या उसके किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है. प्रथम दृष्टया यह मामला सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का प्रतीत होता है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, JSSC-PGT के दो एडमिट कार्ड, दो मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अभ्यर्थियों का डाटा, हाईकोर्ट के आदेश की प्रति, छह ब्लैंक चेक तथा एक पीठू बैग जब्त किया गया है।इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 126, 115, 351, 319, 318, 338, 336 और 340 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. सरायकेला-खरसावां पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे या दस्तावेज मांगने वाले किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं। सरकारी नियुक्तियां केवल पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से होती हैं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें.
ALSO READ: सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रिंग रोड किया जाम, मुआवजे की कर रहे मांग


