Palamu: मेदिनीनगर के केजी बालिका उच्च विद्यालय में बुधवार को कल्याण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने कक्षा आठ में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग की कुल 34 छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया.
साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होगी सुविधा
इस मौके पर उपायुक्त ने छात्राओं को साइकिल मिलने पर बधाई देते हुए कहा, कि जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्राएं विद्यालय आती हैं. साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा की राह आसान बनेगी. उन्होंने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास का पहिया है. इससे छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पौधरोपण भी किया.
छात्रवृत्ति योजनाओं की दी गई जानकारी
उपायुक्त ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी और इसका लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से छात्राएं अपने सपनों को साकार करने के साथ परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मी मौजूद थे.

