पलामू: धनबाद रेल मंडल के डालटनगंज रेलवे स्टेशन स्थित GRP थाना के जवान बदतर और जानलेवा माहौल में रहने को मजबूर हैं. थाना भवन और बैरक की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि खाना खा रहे जवानों के ऊपर अचानक छत का मलबा गिर गया. हालांकि इस हादसे में सभी जवान बाल-बाल बच गए. इस घटना के बाद भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बार-बार शिकायत,फिर भी नहीं हुई सुनवाई
GRP के एएसआई लाल बाबू और कांस्टेबल एस.एस. दुबे ने बताया कि थाना भवन और आवास की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया. लेकिन अब तक न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई. इससे जवान लगातार खतरे के बीच ड्यूटी करने को मजबूर हैं.
सांप-बिच्छू का भी बना रहता है खतरा
जवानों ने बताया कि थाना और बैरक तक जाने वाली सड़कें पूरी तरह जर्जर हैं. रहने और सोने वाले कमरों के पीछे घनी झाड़ियां उगी हुई हैं. सुरक्षा दीवार टूट चुकी है. जिसके कारण खिड़कियों के रास्ते सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु अक्सर भवन के अंदर पहुंच जाते हैं. इससे हर समय अनहोनी का डर बना रहता है.

शौचालय और हवालात की हालत भी दयनीय
थाने का शौचालय भी बेहद खराब स्थिति में है. इसका इस्तेमाल करते समय हमेशा हादसे का डर बना रहता है और छत से लगातार पानी टपकता रहता है. वहीं, थाना का हवालात भी पूरी तरह असुरक्षित स्थिति में है. जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
सुरक्षित व्यवस्था की लगाई गुहार
GRP जवानों ने सरकार और रेलवे के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द थाना भवन, बैरक और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मरम्मत कराने तथा सुरक्षित कार्य और आवासीय माहौल उपलब्ध कराने की मांग की है. ताकि किसी बड़े हादसे से पहले व्यवस्था में सुधार हो सके.
ALSO READ: कोडरमा: तारा घाटी में यात्रियों से भरी बस और फ्लाई ऐश लोड हाइवा में टक्कर, कई घायल
