Ranchi: वरिष्ठ उद्योगपति और समाजसेवी परिमल नाथवानी एक बार फिर झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. यह उनका झारखंड का तीसरा और राज्यसभा का चौथा कार्यकाल होगा. राज्यसभा चुनाव में उनकी जीत के साथ झारखंड को संसद में एक अनुभवी और विकास केंद्रित प्रतिनिधि मिला है. जीत के बाद परिमल नाथवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा नेतृत्व और एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि झारखंड उनके लिए केवल एक राज्य नहीं, बल्कि उनकी “कर्मभूमि” है और यहां के लोगों की सेवा का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है.
ग्रामीण विकास रहेगा प्राथमिकता
परिमल नाथवानी ने कहा, कि आने वाले समय में उनका विशेष ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर रहेगा. इसके तहत कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा, कुटीर उद्योगों को मजबूत किया जाएगा और गांवों में रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक काम किया जाएगा.
विकास कार्यों की रही लंबी सूची
अपने पिछले कार्यकालों के दौरान नाथवानी ने सांसद निधि और निजी संसाधनों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराएं. उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत बड़ाम-जराटोली, चुड्डू और बरवाडाग पंचायतों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई परियोजनाएं पूरी कराईं. उनके प्रमुख कार्यों में आईआईएम रांची के लिए 600 सीटों वाला अत्याधुनिक सेमिनार हॉल बनवाना शामिल है, जिस पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए. इसके अलावा रातू रोड स्थित रांची नगर निगम अस्पताल के पुनर्निर्माण, स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थापना, एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, मॉडल स्कूल, पुस्तकालय भवन और मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने जैसे कार्य भी किए गए. ग्रामीण इलाकों में पेयजल योजनाएं, पीसीसी सड़कें, सौर ऊर्जा परियोजनाएं और सोलर लैंप वितरण जैसी योजनाओं को भी उन्होंने बढ़ावा दिया. आदिवासी धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और खेल सुविधाओं के विकास में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है.
संसद में भी रहे सक्रिय
परिमल नाथवानी राज्यसभा में झारखंड के सबसे सक्रिय सांसदों में गिने जाते हैं. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान 1200 से अधिक सवाल और मुद्दे संसद में उठाएं. इनमें ग्रामीण विकास, सूखा प्रबंधन, कुपोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य, न्यायपालिका और आधारभूत संरचना से जुड़े विषय प्रमुख रहे. राज्यसभा के लिए दोबारा चुने जाने के बाद नाथवानी ने कहा, कि उनका लक्ष्य झारखंड के विकास को नई गति देना और राज्य की आवाज को संसद में मजबूती से उठाना होगा.



