Palamu: पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड के आरोपी दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू का पुलिस ने रविवार दोपहर पैदल मार्च निकाला. पुलिस उसे हथकड़ी लगाकर शहर थाना से सेंट्रल जेल तक पैदल लेकर गई. बताते चलें कि दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू को पूछताछ के लिए पुलिस ने 24 घंटे के लिए रिमांड पर लिया था. रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे शहर थाना से सेंट्रल जेल तक पैदल मार्च कराते हुए पहुंचाया. इस दौरान छःमुहान, बस स्टैंड और जेलहाता चौक होते हुए उसे जेल ले जाया गया.
विनीत तिवारी हत्याकांड में अब तक एक ही गिरफ्तारी
यहां यह भी बता दें कि 25 अप्रैल की शाम रेडमा निवासी जमीन कारोबारी विनीत तिवारी का उसके घर के समीप से अपहरण कर लिया गया था और बुरी तरह पिटाई करने के बाद हत्या कर दी गई थी. विनीत का नग्न शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट स्थित झाड़ी से बरामद किया गया था. इस संबंध में विनीत तिवारी के पिता ने दिलीप तिवारी के अलावा उसके भाई प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ शहर थाना में मुकदमा दर्ज कराया था. हाई प्रोफाइल मामला होने के बावजूद पुलिस अब तक दिलीप तिवारी को छोड़कर किसी अन्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है. पिछले दिनों पुलिस ने प्रदीप तिवारी समेत अन्य आरोपियों के घर पर न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चिपकाया था और जल्द पुलिस के समक्ष या न्यायालय में सरेंडर करने की चेतावनी दी थी.
ALSO READ: लोहरदगा-धरमजयगढ़ रेल परियोजना को हरी झंडी, आदिवासी इलाकों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रिमांड में मिले अहम सुराग, महाकाल की संपत्ति पर भी कार्रवाई की तैयारी
इधर रिमांड पर लेने के बाद दिलीप तिवारी ने पुलिस को विनीत हत्याकांड से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं, जिससे आगे के अनुसंधान में काफी मदद मिलने की उम्मीद है. प्रशासन ने दिलीप तिवारी का पैदल मार्च कराकर स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी. शहर के बीचों-बीच इस तरह पैदल मार्च निकालने का मुख्य उद्देश्य इलाके के अपराधियों का मनोबल तोड़ना और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना बताया जा रहा है. इधर, पुलिस ने आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के आवास और उसकी जमीन की नापी भी करवा ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि महाकाल जल्द सरेंडर नहीं करता है, तो उसके घर और संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू की जाएगी.


