सिमडेगा: एसपी श्रीकांत एस खोटरे की पहल पर पुलिस लाइन में शांति मेडिकल सेंटर, बीरू हॉस्पिटल के सहयोग से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया देने के लिए सक्षम बनाना है.

BLS और सर्पदंश जैसे मामलों पर विशेष जानकारी
एसएमसी बीरू की चिकित्सक टीम द्वारा प्रशिक्षण सत्र में बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), सर्पदंश के मामलों में प्राथमिक उपचार तथा ट्रॉमा के दौरान घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से अस्पताल तक पहुंचाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है. चिकित्सकों ने बताया कि किसी भी दुर्घटना या सर्पदंश की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं, जिनमें सही प्राथमिक उपचार देकर पीड़ित की जान बचाई जा सकती है.
व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ेगी क्षमता
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को व्यावहारिक तरीके से भी समझाया गया कि घायल या पीड़ित व्यक्ति को कैसे संभालना है, क्या सावधानियां बरतनी हैं और किन गलतियों से बचना है. इस पहल से पुलिस बल की आपातकालीन सेवा क्षमता में वृद्धि होगी और आम जनता को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.
