Ranchi :साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस के आला अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं. ताजा मामला रांची के बरियातू थाने का है, जहां बरियातू थाना प्रभारी सह डीएसपी मनोज कुमार का मोबाइल फोन साइबर ठगों द्वारा हैक किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना के बाद से ही पुलिस महकमे और आम जनता में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: गूगल पर डॉक्टर सर्च करना पड़ा महंगा, APK लिंक से फोन हैक कर 1.59 लाख उड़ाए

कैसे हुआ मोबाइल हैक?
जानकारी के अनुसार, यह पूरी साजिश एक ऐपीके फाइल के जरिए रची गई. डीएसपी मनोज कुमार के मोबाइल पर किसी अज्ञात माध्यम से एक लिंक या फाइल आई थी. जैसे ही वह फाइल डाउनलोड हुई, साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस (नियंत्रण) अपने हाथ में ले लिया. इस तरह के मैलवेयर या फाइलें डाउनलोड होते ही फोन का डेटा, कॉन्टैक्ट लिस्ट और मैसेजिंग ऐप्स का नियंत्रण हैकर्स के पास चला जाता है.
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट में 16 मई से 7 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश, इस दौरान वेकेशन बेंच विकल्प
नाम और पहचान का इस्तेमाल कर मांग रहे हैं पैसे
मोबाइल हैक करने के बाद साइबर अपराधियों ने डीएसपी मनोज कुमार के पद और नाम का गलत इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. ठगों ने उनके फोन में सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स और अन्य लोगों को मैसेज भेजना शुरू किया. अपराधियों द्वारा लोगों को धोखे में रखने के लिए डीएसपी के नाम और पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा है. मैसेज भेजकर अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग की जा रही है. रकम ट्रांसफर कराने के लिए ऑनलाइन पेमेंट लिंक और क्यूआर कोड स्कैनर भेजे जा रहे हैं.
