Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के रेलवे गेट एचएमटी कॉलोनी स्थित रामलखन जनरल स्टोर दुकान में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने दुकान की छत की एस्बेस्टस शीट तोड़ दी और दुकान के अंदर घुस गए.
गल्ले से उड़ाए 20 से 25 हजार रुपये
दुकान के अंदर दाखिल होने के बाद चोरों ने गल्ले में रखे लगभग 20 से 25 हजार रुपये नकद समेट लिए और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

मुखिया ने पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर सी पंचायत के मुखिया विकास सिंह उर्फ बबलू सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने दुकानदार को ढांढस बंधाया और मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराने की सलाह दी.
Also Read: बोकारो थर्मल में 17 मई से शुरू होगा दस दिवसीय समर कैंप, सफलता को लेकर क्लब ने बनाई रणनीति
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने दुकान का निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदार को लिखित शिकायत देने को कहा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया जाएगा.
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए.
