Giridih: शनिवार को गिरिडीह पुलिस के पसीने छूट गए. पुलिस एक तरफ भाजपाई और छात्रों को झंडा मैदान में CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने से रोकती रही. वहीं दूसरी तरफ छात्रों ने मौका देखकर झंडा मैदान में पुतले में आग लगा दिया. इसके बाद गिरिडीह शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर पुतला दहन का दौर शुरू हो गया. भाजपाई और छात्रों का गुट जब झंडा मैदान से बाहर निकला, तो सदर SDM धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बलों ने उन्हें अंबेडकर चौक पर घेर लिया. महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, महादेव दुबे, BJP नेत्री विनीता कुमारी, सुनील पासवान, अरविंद बरनवाल, चुन्नू कांत, सिकंदर हेंब्रम, मनोज साहू, नवीन सिन्हा, जयशंकर सिन्हा समेत सैकड़ों भाजपा नेता और छात्रों का हुजूम अंबेडकर चौक पर CM हेमंत सोरेन और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया.

अंबेडकर चौक से स्टेडियम ले जाए गए प्रदर्शनकारी
इसके बाद आंबेडकर चौक से सैकड़ों भाजपा और छात्रों को डिटेन कर गिरिडीह स्टेडियम ले जाया गया. विरोध में भाजपाई और छात्रों ने हेमंत सरकार और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के खिलाफ जमकर नारे लगाए. जबकि छात्रों ने इस दौरान झंडा मैदान, अंबेडकर चौक, टावर चौक, जरासंध चौक में भी पुतला दहन किया. इसके बाद सभी पैदल तीन किमी दूर स्टेडियम के समीप मुफ्फसिल थाना के समीप पहुंचे और मुफ्फसिल थाना के बाहर पुतला दहन किया गया.
स्टेडियम में छात्रों ने किया हंगामा
इसके बाद छात्रों की टोली स्टेडियम में जमकर हंगामा किया. लोगों ने हेमंत सरकार के साथ मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को सख्त अल्टीमेटम दिया. इस दौरान कार्यक्रम में छात्र नेता अक्षय यादव, मंटू मुर्मू, प्रियंका शर्मा, यशोदा देवी, मिथुन चंद्रवंशी सहित हजारों की संख्या में छात्र और अन्य छात्र और भाजपा नेता मौजूद थे.

