Ranchi: झारखंड में आयोजित पात्रता परीक्षा के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर अब राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए राज्य सरकार की तैयारी और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में इस तरह की लापरवाही बेहद चिंताजनक है. बोकारो और रांची के कुछ केंद्रों पर प्रश्न पत्र समय पर नहीं पहुंचने के कारण शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द करनी पड़ी, जो सीधे-सीधे प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है.
हजारों अभ्यर्थी को हाथ लगी निराशा
आदित्य साहू ने तीखे अंदाज में सवाल उठाया, कि आखिर कब तक युवाओं के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ होता रहेगा? उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाएं या तो पेपर लीक की भेंट चढ़ रही हैं या फिर कुप्रबंधन का शिकार हो रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि हजारों अभ्यर्थी उम्मीद और मेहनत के साथ परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी. सरकार को इस पूरे मामले में जवाब देना ही होगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की, कि इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और युवाओं का भरोसा बहाल किया जा सके.
यह भी पढ़ें: आसनसोल हत्याकांड पर सियासी घमासान, इरफान अंसारी ने पीड़ित परिवार से मिलकर दिया न्याय का भरोसा
