चिड़िया माइंस बंद: ठेका मजदूरों पर भुखमरी का संकट, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने दी आंदोलन की चेतावनी

Chakradharpur: चिड़िया माइंस क्षेत्र में पिछले छह महीनों से खनन कार्य ठप रहने के कारण ठेका मजदूरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट...

Chidiya Mines
ठेका मजदूरों से मिले पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा

Chakradharpur: चिड़िया माइंस क्षेत्र में पिछले छह महीनों से खनन कार्य ठप रहने के कारण ठेका मजदूरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गई है. इसी मुद्दे को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने आज मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और स्थिति का जायजा लिया. मजदूरों ने बताया कि स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) की चिड़िया माइंस में लंबे समय से खनन कार्य पूरी तरह बंद है, जिससे ठेका कर्मियों को काम नहीं मिल रहा है. काम बंद होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय हो चुकी है और करीब 250 परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं. मजदूरों ने कहा कि कंपनी और ठेकेदारों से लगातार संपर्क के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका है.

सेल प्रभारी पदाधिकारी को सौंपा जाएगा ज्ञापन

इस दौरान मधु कोड़ा ने मजदूरों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए सेल प्रबंधन और ठेकेदारों से तत्काल खनन कार्य शुरू करने तथा बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी, कि यदि एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो मजदूरों के साथ मिलकर सेल के प्रभारी पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा.

उन्होंने आगे कहा कि यदि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला, तो मजदूरों के हक के लिए क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने सेल प्रबंधन से संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द माइंस खोलने और ठेका मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की अपील की.

कार्यक्रम में लाल सामड, देवेंद्र कुमार यादव, कृष्ण टूटी, करमु, घनश्याम बडाई, लाल चंद बिंद, रहिल कोड़ा, अजय मुखी, सुनील कंडुला सहित दर्जनों मजदूर उपस्थित रहे, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं.

यह भी पढ़ें: झारखंड पात्रता परीक्षा में गड़बड़ी पर सियासत गर्म, भाजपा ने सरकार को घेरा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *