Hazaribagh: इचाक प्रखंड के बोधिबागी मैदान में गीतांजलि युवा क्लब, कूरहा के तत्वावधान में डबल बकरा नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. टूर्नामेंट का उद्घाटन शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, कांग्रेस नेत्री रेणु कुमारी और मुखिया संगीता कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और फुटबॉल को किक मारकर किया.

उद्घाटन मुकाबले में चंदा की जीत
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला चंदा और छावनी की टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में चंदा की टीम ने छावनी को 1-0 से शिकस्त दी. मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने भी मुकाबले का जमकर आनंद लिया.
खेल में अनुशासन का बड़ा महत्व
उद्घाटन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी का मुकाबला करना चाहिए. खेल में अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने कहा कि खेल से शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के साथ व्यक्ति में संयम, एकाग्रता और शिष्टाचार की भावना भी विकसित होती है. ये गुण जीवनभर काम आते हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की.
मोबाइल से दूरी बनाकर करियर पर ध्यान दें
कांग्रेस नेत्री रेणु कुमारी ने युवाओं और बच्चों से मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर अपने करियर पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज मोबाइल और रील्स के बढ़ते चलन के कारण बच्चे अपना कीमती समय बर्बाद कर रहे हैं. युवाओं को खेल और शिक्षा के जरिए अपने भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए. कार्यक्रम को जिला मुखिया संघ के सचिव नंदकिशोर मेहता, जदयू नेता अर्जुन मेहता और पूर्व सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश मेहता ने भी संबोधित किया.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन गीतांजलि युवा क्लब के अध्यक्ष सह शिक्षक मधुसूदन मेहता ने किया. मौके पर सतीश प्रसाद मेहता, अर्जुन मेहता, रंजीत मेहता, सुभाष मेहता, अजय मेहता, बीरेंद्र मेहता, गोविंद मेहता समेत क्लब के दर्जनों सदस्य मौजूद रहे.

