Ranchi : राजधानी के पंडरा क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज हो गई है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने रविवार को महापौर रोशनी खलखो के साथ पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी जमीन का निरीक्षण किया. संजय सेठ ने कहा कि ओटीसी OTC मैदान से लेकर पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी दुकानदार रोजाना अपनी दुकान लगाकर आजीविका चलाते है. लेकिन वर्षों से उन्हें स्थायी जगह नहीं मिलने के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्ट्रीट वेंडर्स के साथ श्रमिकों के लिये सुविधाएं होगी विकसित
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने हाल ही में रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रमुखता से उठाया था. अब इस दिशा में आगे बढ़ते हुए संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया है, ताकि यहां स्ट्रीट वेंडर्स के लिए व्यवस्थित बाजार विकसित किया जा सके. संजय सेठ ने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत सिर्फ दुकानदारों के लिए स्थायी व्यवस्था ही नहीं, बल्कि रोजाना काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों की सुविधा के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय का निर्माण कराने की भी योजना है. इससे छोटे कारोबारियों और दैनिक मजदूरों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी.
