Ranchi : राजधानी के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई (स्नैचिंग) और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अब काफी हद तक लगाम लगती दिख रही है. पुलिस की सक्रियता, सख्त गश्त और त्वरित कार्रवाई के कारण रांची में अपराध के ग्राफ में भारी गिरावट दर्ज की गई है. हालिया सरकारी आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं कि रांची पुलिस की नई रणनीति धरातल पर रंग ला रही है.
छिनतई की घटनाओं में लगातार गिरावट,आंकड़े दे रहे गवाही
रांची में राहजनी और छिनतई करने वाले गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने हाल के महीनों में चौतरफा कार्रवाई की है. कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है. जिसका सीधा असर सड़कों पर दिखने लगा है. पिछले डेढ़ साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो छिनतई की वारदातों में लगातार कमी आई है.

– एक जनवरी 2025 से 30 जून 2025 : इस 6 महीने की अवधि में राजधानी में छिनतई की 103 घटनाएं दर्ज की गई थी.
– एक जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 : पुलिस की शुरुआती कड़ाई के बाद अगले 6 महीनों में यह आंकड़ा घटकर 91 पर आ गया.
– एक जनवरी 2026 से 20 जून 2026 : चालू वर्ष के लगभग 6 महीनों में छिनतई के मामलों में रिकॉर्ड गिरावट देखी गई और यह संख्या सिमटकर महज 64 रह गया है.
अन्य अपराधों का ट्रेंड, उतार-चढ़ाव के बाद आई बड़ी कमी
सिर्फ छिनतई ही नहीं, बल्कि रांची जिले में दर्ज होने वाले अन्य आपराधिक मामलों में भी पुलिस की सख्त निगरानी का बड़ा असर देखने को मिला है. हालांकि साल 2025 के मध्य में अपराध में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई थी, लेकिन साल 2026 की शुरुआत से ही इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई है.
– एक जनवरी 2025 से 30 जून 2025 : 1,495 अपराधिक मामले दर्ज हुए.
– एक जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 : 1,525 अपराधिक मामले दर्ज हुए, मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई
– एक जनवरी 2026 से 20 जून 2026 : 1,233 अपराधिक मामले दर्ज हुए. जो कि अपराधिक मामले में भारी गिरावट है.


