रांची: हाईवा और ट्रकों में आगजनी मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, कई संगीन मामलों में रहा है शामिल

Ranchi: खलारी थाना पुलिस को हाईवा एवं ट्रकों में आगजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चर्चित मामले में सफलता हाथ लगी...

Ranchi: खलारी थाना पुलिस को हाईवा एवं ट्रकों में आगजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े चर्चित मामले में सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी बबलू तुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी पर खलारी समेत विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. खलारी पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29/30 नवंबर 2024 की रात निर्मल महतो चौक के पास तीन हाईवा वाहनों में आग लगाने की घटना को लेकर आलोक जी उर्फ राहुल तुरी एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध खलारी थाना कांड संख्या-114/2024 दर्ज किया गया था. वहीं 28/29 नवंबर 2024 की रात हुटाप जंगल में खड़े दो ट्रकों में आगजनी करने तथा चालक और खलासी के साथ मारपीट करने के मामले में खलारी थाना कांड संख्या-106/2024 दर्ज हुआ था. इन दोनों मामलों में पुलिस द्वारा लगातार अनुसंधान किया जा रहा था. अनुसंधान के क्रम में छह प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र समर्पित किया जा चुका है. वहीं फरार चल रहे एक अन्य आरोपी बबलू तुरी को पुलिस ने लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित महादेव टोली से गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें: झामुमो ने गोड्डा के कद्दावर नेता राजेश मंडल को छह साल के लिए पार्टी से किया आउट

आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपी बबलू तुरी, पिता बनारसी तुरी, ग्राम गुलजारबाग लाला धोड़ा, थाना खलारी, जिला रांची का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ खलारी, बड़कागांव एवं पिपरवार थाना में आर्म्स एक्ट, लूट, आगजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास एवं आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर मामलों में कई कांड दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 से लेकर 2024 तक कुल छह संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, आईपीसी एवं बीएनएस की विभिन्न धाराएं शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: सीबीएसइ 12वीं का रिजल्ट सोमवार को हो सकता है जारी, जानें कैसे चेक करें अपना स्कोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *