Ranchi: पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के नियमों का पालन नहीं करना बरियातू स्थित फर्स्ट पॉइंट डायग्नोस्टिक सेंटर को भारी पड़ा. जिला स्तरीय निरीक्षण टीम ने सोमवार को सेंटर की जांच के दौरान कई अनियमितताएं पकड़ीं. इसके बाद सेंटर की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया और अल्ट्रासाउंड जांच पर तत्काल रोक लगा दी गई. जिला स्तरीय टीम ने सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद के निर्देश पर सेंटर का निरीक्षण किया था. जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड मशीन चालू स्थिति में मिली और सेंटर में मरीज भी जांच के लिए मौजूद थे. हालांकि, अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक डॉ. सुहास टेटरवे सेंटर में मौजूद नहीं थे. टीम ने इसे पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के नियमों के खिलाफ माना.

एएनसी रजिस्टर में भी मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान सेंटर के एएनसी रजिस्टर के रखरखाव में भी खामियां मिलीं. टीम ने सभी अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए मशीन को सील करने का फैसला लिया. सेंटर प्रबंधन को अल्ट्रासाउंड जांच का संचालन तत्काल बंद रखने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण टीम में डॉ. तवा रिजवी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल थे.
यह भी पढ़ें: 1 सितंबर से झारखंड में SFI का ‘स्कूल बचाओ’ अभियान, जिलों के स्कूलों का होगा सर्वे

सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निगरानी
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने स्पष्ट किया कि जिले में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के नियमों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है. जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

