Ranchi: शहर के जाने-माने और प्रतिष्ठित होटल संचालक (कैपिटल हिल और कावेरी होटल) आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया उर्फ अभिमन्यु भाटिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. शुरुआती सस्पेंस के बाद अब लव भाटिया की मौत के कारणों का खुलासा हो गया है. रिम्स में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है, जिसमें जहर खाने की बात सामने आई है.


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, अत्यधिक जहर फैलने से हुई मौत:
लव भाटिया की मौत के बाद गुरुवार की देर शाम रिम्स में डॉक्टरों की टीम द्वारा उनके शव का पोस्टमार्टम किया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की स्पष्ट पुष्टि हो चुकी है कि लव भाटिया की मौत जहर खाने की वजह से हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, उनके शरीर में जहर की मात्रा अत्यधिक फैल चुकी थी. जहर का असर इतनी तेजी से हुआ कि अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा काफी प्रयास किए जाने के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका.

दोपहर में अचानक बिगड़ी थी तबीयत, बाथरूम में मिले थे लव:
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना गुरुवार दोपहर की है. हर दिन की तरह सुबह लव भाटिया नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में चले गए थे. दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने कथित तौर पर जहर खा लिया. इसके कुछ देर बाद घर में काम करने वाले कर्मचारियों ने लव भाटिया को उनके बाथरूम में उल्टी करते हुए देखा. अनहोनी की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत इस पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी.
आर्किड अस्पताल में हुई मौत:
घर में चीख-पुकार मचने के बाद परिजन आनन-फानन में लव भाटिया को बेहद गंभीर स्थिति में इलाज के लिए रांची के लालपुर स्थित आर्किड अस्पताल ले गए. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया और उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, हालांकि, शरीर में जहर पूरी तरह फैल जाने के कारण तमाम कोशिशें नाकाम साबित हुईं और इलाज के दौरान ही लव भाटिया ने दम तोड़ दिया.
17 साल पहले हुआ था लव भाटिया का हाईप्रोफाइल अपहरण:
इस दुखद घटना ने 17 साल पुराने एक खौफनाक मंजर की यादें ताजा कर दी हैं. उल्लेखनीय है कि 30 जुलाई 2009 को लव भाटिया का अपराधियों ने अपहरण कर लिया था. उस वक्त लव मेन रोड स्थित ‘पंजाब स्वीट हाउस’ को बंद करके रात करीब 10:45 बजे अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते से ही वे लापता हो गए थे. इस हाईप्रोफाइल अपहरण कांड को लेकर उनके पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार थाने में कांड संख्या 168/09 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी. जिसके बाद रांची के तत्कालीन एसएसपी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम ने अपहरण की घटना में शामिल कई अपराधियों को मार गिराया था और लव भाटिया को सकुशल बरामद किया था.
व्यावसायिक जगत में शोक, हर कोई स्तब्ध:
आशीष भाटिया रांची के एक बेहद प्रतिष्ठित और स्थापित व्यवसायी हैं. उनके पुत्र के इस तरह अचानक और असमय चले जाने से उनके जानने वालों, रिश्तेदारों और शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों में गहरा शोक है. इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके आवास पर शहर के गणमान्य लोगों और व्यवसायियों का तांता लगा हुआ है. हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि आखिर किन परिस्थितियों में लव भाटिया को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है.
