Gumla: रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए गुमला डाक विभाग ने बहनों के लिए विशेष रक्षा सूत्र अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत अब बहनें मात्र ₹70 में अपने भाइयों तक राखी और प्यार का संदेश सुरक्षित तरीके से भेज सकेंगी. इस सुविधा के लिए गुमला प्रधान डाकघर में विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई है, जहां से राखियों की सुरक्षित पैकिंग और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी.
₹70 के पैकेज में मिलेगी पूरी सुविधा
डाक विभाग की इस विशेष सेवा में ₹10 का वॉटरप्रूफ विशेष लिफाफा, ₹55 स्पीड पोस्ट शुल्क और ₹5 विविध व्यवस्था शुल्क शामिल है. बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए इस खास लिफाफे में राखी भीगने या खराब होने का खतरा नहीं रहेगा.

ALSO READ: कोडरमा: डोमचांच प्रमुख एवं बच्छेडीह मुखिया ने किया धुलाई घाट का उद्घाटन
स्कूलों में होगी “राखी बनाओ और भेजो” प्रतियोगिता
इस अभियान के तहत गुमला शहर के विभिन्न विद्यालयों में “राखी बनाओ और भेजो” प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा. छात्राएं अपने हाथों से राखी बनाकर विद्यालय परिसर से ही अपने भाइयों के पते पर स्पीड पोस्ट के जरिए भेज सकेंगी.इस सुविधा के कारण छात्राओं को राखी भेजने के लिए डाकघर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 10 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा.


