New Delhi: नई दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल ताज पैलेस में आयोजित दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026’ के दौरान झारखंड सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. इस कार्यक्रम के दौरान झारखंड सरकार और दिग्गज टेक कंपनी गूगल एलएलसी (Google LLC) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन प्रस्तावित किया गया. इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य झारखंड में एक अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सक्षम और क्लाउड-रेडी इकोसिस्टम का निर्माण करना है.
एआई-आधारित पायलट प्रोजेक्ट किए जाएंगे शुरू
इस समझौते के तहत गूगल और झारखंड सरकार मिलकर कई प्रमुख क्षेत्रों में काम करेंगे, जिसके तहत राज्य में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और डेटा सेंटरों का आधुनिकीकरण किया जाएगा. गूगल राज्य को क्लाउड पॉलिसी से जुड़े महत्वपूर्ण नीतिगत मामलों पर परामर्श प्रदान करेगा. स्थानीय चुनौतियों से निपटने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और ट्रैफिक मैनेजमेंट (यातायात प्रबंधन) जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई-आधारित पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे. राज्य के सरकारी अधिकारियों, इंजीनियरों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे नई तकनीकों का कुशलतापूर्वक उपयोग कर सकें. यह एमओयू झारखंड में जिम्मेदार एआई और क्लाउड तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देगा. इससे न केवल स्थानीय समस्याओं का समाधान खोजने में मदद मिलेगी, बल्कि राज्य की डिजिटल गवर्नेंस और प्रशासनिक व्यवस्था भी पहले से कहीं अधिक मजबूत, पारदर्शी और कुशल बनेगी.

यह भी पढ़ें: गुमला: डाक विभाग का खास तोहफा, ₹70 में पहुंचेगी भाई तक बहन की राखी


