Ranchi: डोरंडा स्थित जैप – 1 परिसर में कल यानि गुरुवार को छह DSP और 334 पुलिसकर्मियों का पासिंग आउट परेड आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन शामिल होंगे. सीएम पारण परेड की सलामी लेंगे. इसको लेकर आज यानि बुधवार को पुलिस कर्मियों का फुल ड्रेस रिहर्सल कराया जा रहा है. इस कार्यक्रम में DGP तदाशा मिश्रा, ADG प्रिया दुबे, ADG मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार, आईजी पंकज कंबोज, आईजी मयूर पटेल कन्हैयालाल, DIG मनोज रतन चौथे, SSP राकेश रंजन समेत कई अधिकारी शामिल होंगे.
राज्य पुलिस के 334 सिपाही कई माह से पासिंग आउट परेड के इंतजार में थे
जानकारी के मुताबिक मुसाबनी स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में 19 सितंबर से लेकर 26 सितंबर तक प्रशिक्षुओं की अंतिम परीक्षा ली गई. नवंबर के शुरुआत में परीक्षाफल तैयार कर लिया गया. जिसके बाद 12 नवंबर को परीक्षाफल का प्रकाशन भी कर लिया गया. लेकिन अभी तक सिपाहियों का पासिंग आउट परेड नहीं किया गया था. मुसाबनी में प्रशिक्षण हासिल करने वाले 334 पुलिसकर्मियों में रांची, जमशेदपुर, धनबाद, विशेष शाखा, पीटीसी, रेल और जैप-एक, दो, तीन, पांच, सात, आठ, नौ व दस के जवान शामिल हैं.



