Ranchi : जून महीने में 400 से अधिक केसों का निष्पादन रांची पुलिस ने किया है. रांची पुलिस ने लंबित मामलों के निपटारे के लिए एक अभियान शुरू किया है. आला अधिकारियों ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों को जल्द से जल्द निष्पादित करने का आदेश दिया है. सभी थानों की समीक्षा बैठक के बाद स्पष्ट किया है कि पुलिस डायरी और फाइलों में दबे मामलों को अब और लटका कर नहीं रखा जाएगा. आला अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों और अनुसंधान अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित पड़े सभी आपराधिक मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें.
हर हफ्ते की रिपोर्ट सौंपने का आदेश
कई मामलों में पुलिस ने तेजी से अनुसंधान पूरा करते हुए अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है. जिससे पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने का रास्ता साफ हो गया है. थाना प्रभारियों को हर हफ्ते लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट सौंपने को कहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि जिस भी थाने में बिना किसी ठोस कारण के मामले लंबित पाए जाएंगे, वहां के थाना प्रभारी के खिलाफ विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ले रही टेक्निकल और साइबर सेल की मदद
मामलों के निष्पादन के लिए रांची पुलिस टेक्निकल और साइबर सेल की मदद ले रही है. पुराने मामलों, जिनमें गवाहों या साक्ष्यों की कमी थी, उन्हें सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे थानों में आने वाले फरियादियों से सीधा संवाद करें. जिससे जांच की गुणवत्ता और रफ्तार दोनों को सुधारा जा सके. पुलिस का मुख्य ध्यान महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े संवेदनशील मामलों पर है. जिन्हें बिना किसी देरी के सुलझाने का आदेश है.
ALSO READ : झारखंड में मानसून का जोर: कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट


