रांची पुलिस की तत्परता: चुटिया से लापता हुए 3 वर्षीय मासूम को एक घंटे में खोज निकाला

Ranchi: पुलिस का एक मानवीय और बेहद सक्रिय चेहरा सामने आया है. रांची पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए...

Ranchi: पुलिस का एक मानवीय और बेहद सक्रिय चेहरा सामने आया है. रांची पुलिस ने अपनी त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए मात्र एक घंटे के भीतर साढ़े तीन साल के लापता बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया.

यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र के महादेव मंडा के समीप की है. यहां उदय कुमार महतो का साढ़े तीन साल का पुत्र नैतिक अपनी मां के साथ एक कपड़े की दुकान पर गया था. खरीददारी के दौरान मां की नजरों से बचकर मासूम नैतिक अचानक कहीं ओझल हो गया. काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना चुटिया थाना पुलिस को दी.

एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया गया तलाशी अभियान

बच्चे के लापता होने की खबर मिलते ही चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया. उन्होंने बिना समय गंवाए कई टीमों का गठन किया और एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

पुलिस ने आसपास की दुकानों और रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया. क्षेत्र में मौजूद पीसीआर और बाइक विंग को भी अलर्ट कर दिया गया.

ALSO READ: हजारीबाग शहर में विकास नहीं, सिर्फ परेशानी का कहर: दो साल से अधूरी नाली बनी मुसीबत

महज 60 मिनट में सकुशल मिला मासूम नैतिक

पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि सूचना मिलने के महज 60 मिनट के भीतर ही बच्चे को सुरक्षित ढूंढ लिया गया. पुलिस बच्चे को अपनी कस्टडी में लेकर थाने पहुंची, जिसके बाद बच्चे के पिता उदय कुमार महतो और मां को वहां बुलाया गया.

जब पुलिस ने मासूम नैतिक को उसके माता-पिता की गोद में सौंपा, तो उनकी आंखों से खुशी के आँसू छलक पड़े. पिता उदय कुमार महतो ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी उनका बच्चा मिल जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *