Ranchi: रांची में रविवार, 24 मई को आयोजित होने वाली संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन के लिए रांची के 36 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह आदेश 24 मई की सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगा. प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. आशंका जताई गई है कि कुछ असामाजिक तत्व परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं. इसी को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है.

यह भी पढ़ें: रांची: बकरीद को लेकर लोअर बाजार थाना में शांति समिति की बैठक, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी. इसके अलावा लाउडस्पीकर या अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. किसी भी व्यक्ति को हथियार, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा या अन्य घातक सामग्री लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों को इससे छूट दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अवधि के दौरान किसी प्रकार की सभा, बैठक या प्रदर्शन की भी अनुमति नहीं होगी. गौरतलब है कि यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी.

यह भी पढ़ें: ईद-उल-अजहा को लेकर मिहिजाम थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
