Ranchi: राजधानी के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाना परिसर में उसकी परेड कराई और लिखित माफीनामा लेने के बाद पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई रील
सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘व्यूज’ बटोरने के चक्कर में आज के युवा किस हद तक जा सकते हैं, इसका एक ताजा मामला राजधानी रांची से सामने आया है. यहां एक युवक को पुलिस थाने के अंदर रील बनाना बेहद महंगा पड़ गया. वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी युवक को न सिर्फ दबोचा, बल्कि थाने परिसर में ही उसकी परेड कराकर सारी हेकड़ी निकाल दी.


क्या है पूरा मामला?
मामला रांची के चुटिया थाना का है. बीते दिनों साहिल महतो नामक एक युवक ने सोशल मीडिया पर रातों-रात चर्चित होने के लिए एक शॉर्ट वीडियो बनाया. हैरान करने वाली बात यह थी कि युवक ने इस वीडियो को बनाने के लिए चुटिया थाना परिसर को चुना. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया.
रील बनी चर्चा का विषय
थाने जैसी संवेदनशील जगह पर बिना अनुमति के रील बनाने और पुलिस की छवि को हल्के में दिखाने को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति जताई. जैसे ही यह वीडियो वरीय अधिकारियों के संज्ञान में आया, उन्होंने इसे गंभीरता से लिया. पुलिस की कार्यप्रणाली और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले इस कृत्य पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी ने आरोपी युवक साहिल महतो को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने सिखाया सबक
युवक को अपनी गलती का अहसास कराने और भविष्य में दूसरों को ऐसा न करने की नसीहत देने के लिए पुलिस ने एक अनोखा तरीका अपनाया. पुलिस ने साहिल महतो की थाना परिसर में ही परेड कराई, जिससे सोशल मीडिया पर ‘रॉबिनहुड’ बनने की चाह रखने वाले युवक की सारी हेकड़ी पल भर में गायब हो गई.
Also Read: JPSC पर धांधली के आरोपों को लेकर BJP युवा मोर्चा का आक्रोश प्रदर्शन, पारदर्शिता की उठी मांग
पीआर बॉन्ड पर रिहाई, युवक ने मांगी माफी
कड़ी पूछताछ और सबक सिखाने के बाद पुलिस ने युवक से लिखित में दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का बांड भरवाया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी युवक को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया. थाने से छूटने के बाद युवक के सुर पूरी तरह बदले हुए नजर आए. उसने अपनी इस बचकानी हरकत पर पुलिस और समाज से कान पकड़कर माफी मांगी. युवक ने कहा कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई थी. सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में मैंने थाने में रील बनाई थी. मैं अपनी इस हरकत पर शर्मिंदा हूं और कसम खाता हूं कि दोबारा कभी ऐसी गलती नहीं करूंगा.
पुलिस की अपील
इस कार्रवाई के जरिए रांची पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी कार्यालयों, विशेषकर थानों जैसी संवेदनशील जगहों का इस्तेमाल रील या किसी भी तरह के मनोरंजनात्मक वीडियो बनाने के लिए न करें. कानून-व्यवस्था और पुलिस की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी.


