Koderma: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल के हॉस्टल में 10वीं के छात्र उदित राज की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन परिजनों के हत्या के आरोपों के बीच पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है.
हॉस्टल में मिला था छात्र का शव
रविवार शाम छात्र का शव हॉस्टल के कमरे में गमछे के फंदे से लटका मिला था. घटना के बाद से ही परिवार ने इसे हत्या बताते हुए स्कूल प्रबंधन और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
जांच में चौंकाने वाला खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने देर रात स्कूल पहुंचकर जांच शुरू की. इसी दौरान हॉस्टल के गार्ड विकास कुमार के कमरे की तलाशी ली गई, जहां से 315 बोर के 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. बताया गया कि पुलिस के पहुंचने के समय गार्ड अपने कमरे में मौजूद नहीं था. संदेह के आधार पर कमरे की तलाशी ली गई, जिसमें एक प्लास्टिक मग में रखे कारतूस मिले.
गार्ड गिरफ्तार, भेजा गया जेल
कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
Also Read: जेपीएससी: सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित
पिता ने दर्ज कराया हत्या का केस
मृतक छात्र के पिता विजय कुमार यादव ने तिलैया थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की हत्या का आरोप स्कूल प्रबंधन और अन्य छात्रों पर लगाया है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी ने बताया कि कारतूस बरामदगी के मामले में अलग से केस दर्ज किया गया है. गार्ड से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कारतूस कहां से आए और उनका क्या उद्देश्य था.
स्कूल प्रबंधन की सफाई
विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने कहा कि घटना के बाद परिजन लगातार स्कूल पहुंच रहे थे, जिससे गार्ड घबराकर अपने कमरे में नहीं रुका. उन्होंने यह भी कहा कि गार्ड के कमरे में कारतूस कैसे पहुंचे, यह जांच का विषय है.
जांच के घेरे में कई सवाल
- छात्र की मौत आत्महत्या है या हत्या.
- गार्ड के पास कारतूस कहां से आए.
- क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है.
इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
