झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने के लिए रिम्स को 100 करोड़ और सदर अस्पताल को 13.45 करोड़ मिला

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो बड़े फैसले लिए हैं. सरकार ने रिम्स, रांची...

image: AI Generated

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो बड़े फैसले लिए हैं. सरकार ने रिम्स, रांची के विकास और स्वास्थ्य योजनाओं के लिए 100 करोड़ का सहायता अनुदान मंजूर किया है. वहीं रांची सदर अस्पताल में अत्याधुनिक बोन मैरो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट (BMT) यूनिट की स्थापना और संचालन के लिए 13.45 करोड़ की स्वीकृति दी गई है.

रिम्स में आधुनिक सुविधाओं और स्वास्थ्य योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा 

रिम्स को मिली 100 करोड़ की राशि का उपयोग अस्पताल के विकास कार्यों, मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक एवं रेडियोलॉजी जांच योजना तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग योजना को मजबूत करने में किया जाएगा. इस राशि से आधुनिक मशीनें और चिकित्सा उपकरण खरीदे जाएंगे तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

सदर अस्पताल में बनेगी अत्याधुनिक बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट

वहीं, सदर अस्पताल में बनने वाली बोन मैरो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट यूनिट झारखंड के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी. इसके शुरू होने से थैलेसीमिया, ब्लड कैंसर, एप्लास्टिक एनीमिया, लिंफोमा और अन्य गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों का इलाज राज्य में ही संभव हो सकेगा. अब ऐसे मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सदर अस्पताल की क्लिनिकल हेमेटोलॉजी यूनिट हर साल 100 से 150 ल्यूकेमिया और लिंफोमा मरीजों का इलाज करती है. पिछले दो वर्षों में 150 से 200 नए ब्लड कैंसर मरीज यहां इलाज के लिए पहुंचे हैं, जिनमें कई को बोन मैरो ट्रांसप्लांट की जरूरत होती है.

Read Also: हजारीबाग : बरही बस पड़ाव चुंगी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, बस ऑनर एसोसिएशन ने खोला मोर्चा

जानिए ₹13.45 करोड़ की परियोजना पर कितना होगा खर्च 

13.45 करोड़ की परियोजना में 4 करोड़ विशेष भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर, 7 करोड़ अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण और लैब सिस्टम, 1 करोड़ कंज्यूमेबल्स, 1 करोड़ उपकरणों के रखरखाव (CMC) तथा 45 लाख डॉक्टर, नर्स और तकनीकी स्टाफ की शुरुआती व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे. यूनिट के संचालन के लिए मानव संसाधन का खर्च आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से वहन किया जाएगा. सरकार ने दोनों योजनाओं में पारदर्शिता पर जोर देते हुए निर्देश दिया है कि मशीनों और उपकरणों की खरीद GeM पोर्टल के माध्यम से की जाए और उन्हें जल्द से जल्द स्थापित कर मरीजों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए.

झारखंड में कैंसर और गंभीर बीमारियों के इलाज को मिलेगी नई दिशा 

इन दोनों फैसलों के साथ झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी. एक ओर रिम्स को 100 करोड़ की बड़ी वित्तीय सहायता मिलेगी, तो दूसरी ओर सदर अस्पताल में 13.45 करोड़ की लागत से बनने वाली बोन मैरो ट्रांसप्लांट यूनिट राज्य में कैंसर और रक्त संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज का नया केंद्र बनेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *