Gumla: जारी थाना क्षेत्र के श्रीनगर के पास रविवार को हुई आमने-सामने बाइक टक्कर में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद चारों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. शाम के पांच बजे बताया गया कि घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया.
एक बाइक से जारी से चैनपुर की ओर आ रहे थे दोनों युवक
बताया गया कि चैनपुर निवासी रूपेश कुमार (उन्नीस वर्ष), पिता राजकुमार साहू, के सिर एवं चेहरे में गंभीर चोट लगी है, जबकि रिशु पासवान (अठारह वर्ष), पिता नरेंद्र पासवान, के चेहरे में चोट आई है. दोनों युवक एक बाइक से जारी से चैनपुर की ओर आ रहे थे. इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार जारी निवासी तरसीयूस खलखो (पचहत्तर वर्ष), पिता स्वर्गीय मरकुश खलखो तथा अभय टोप्पो (पैंतीस वर्ष), पिता जॉन टोप्पो जा रहे थे. श्रीनगर के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे चारों घायल हो गए.
घायल को किया गया रांची रिम्स रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुमला सदर अस्पताल भेजा गया. परिजनों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण निजी वाहन से घायलों को ले जाना पड़ा. गुमला ले जाने के बाद गंभीर रूप से घायल तरसीयूस खलखो की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, घायल रुपेश कुमार को रांची रिम्स रेफर किया गया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: खून से रंगी चतरा की सड़कें, तेज रफ्तार ने ले ली एनटीपीसी कर्मी की जान
