Bokaro: जिले के अंतर्गत पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के रामडीह गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां मायके जाने की जिद को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी.
कुल्हाड़ी से वार कर की निर्मम हत्या
मृतका की पहचान 25 वर्षीय शानु देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार शनिवार रात शानु ने अपने पति विकास रजवार से मायके जाने की इच्छा जताई, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर विकास ने घर में रखी कुल्हाड़ी से सो रही पत्नी पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
शव के पास ही सोता रहा आरोपी
घटना के बाद आरोपी कहीं भागा नहीं, बल्कि घर से बाहर जाकर शराब पीकर लौटा और रातभर पत्नी के खून से सने शव के पास ही सोता रहा. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला रही है.
Also Read: रांची पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी तैयारी: SSP ने बुलाई अहम बैठक, शहर में चिह्नित होंगे हॉट स्पॉट्स
सुबह हुआ मामले का खुलासा
रविवार सुबह करीब नौ बजे आरोपी के पिता शक्ति पद रजवार दोनों को जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचे. दरवाजा खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. बिस्तर पर बहू का खून से लथपथ शव पड़ा था.
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
पिता के पूछने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. सूचना मिलने पर पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शराब की लत से घर में होता था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी अक्सर शराब के नशे में रहता था, जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था.
