Newswave Desk: बिहार की राजनीति में एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने भी सम्राट चौधरी सरकार पर निशाना साधा है. रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर डस्टबिन खरीद में घोटाले का आरोप लगाया है.
रोहिणी बोलीं- डस्टबिन छोटा, बिल दस गुना बड़ा
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सम्राट सरकार का एक और झोल, डस्टबिन भी हुआ अनमोल…” उन्होंने दावा किया कि बिहार में जिस डस्टबिन की कीमत करीब 1500 रुपये बताई जा रही है, उसे 15 हजार रुपये में खरीदा गया है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इतने महंगे डस्टबिन खरीदने की जरूरत क्यों पड़ी. रोहिणी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय से इस मामले पर जवाब मांगा.
रोहिणी आचार्य ने तंज कसते हुए पूछा कि यह सिर्फ कूड़ा रखने का डिब्बा है या सरकारी खजाना खाली करने का कोई नया तरीका. उन्होंने अपनी पोस्ट के साथ कुछ डस्टबिन की तस्वीर भी शेयर की, जिस पर ‘बिहार में डस्टबिन घोटाला’ लिखा हुआ है. हालांकि, रोहिणी आचार्य की ओर से लगाए गए इन आरोपों पर सरकार या संबंधित विभाग की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया है.
सम्राट सरकार का एक और झोल
डस्टबिन भी हुआ अनमोल ..बिहार में डस्टबिन भी ‘वीवीआईपी’ हो गया !!
जिस डस्टबिन की कीमत ₹1,500 बताई जा रही है, उसे ₹15,000 में खरीदा गया है यानी कूड़ेदान छोटा, लेकिन बिल दस गुना बड़ा ..!!सम्राट चौधरी और मंत्री मंगल पांडेय से बिहार की जनता पूछ रही है… pic.twitter.com/8QTFMlVqpZ
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) August 11, 2026
राजद के संगठन में बदलाव का किया था समर्थन
इससे पहले रोहिणी आचार्य ने राजद की सभी संगठनात्मक इकाइयों और प्रकोष्ठों को भंग करने के फैसले का समर्थन किया था. उन्होंने पार्टी के नए संगठन के गठन में वरिष्ठ नेताओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और पुराने समर्थकों को प्राथमिकता देने की सलाह दी थी. रोहिणी ने कहा था कि पार्टी की सभी संगठनात्मक इकाइयों को भंग करने का फैसला काफी पहले ही लिया जाना चाहिए था.
