-
ग्रामीणों की समस्याओं से हुए रूबरू, आवश्यक कार्रवाई का दिया गया आश्वासन, 15 दिनों बाद पुनः समीक्षा का निर्णय
Saraikela: नीमडीह प्रखंड अंतर्गत बरेदा पंचायत के सबर टोला में अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम ने संबंधित बीएलओ के साथ अनमैप्ड डाटा वैरिफिकेशन के उद्देश्य से क्षेत्र भ्रमण किया. भ्रमण के दौरान लगभग 70 खड़िया परिवारों के सदस्यों से संवाद स्थापित कर आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई. समीक्षा के क्रम में कुछ परिवारों के पास आधार कार्ड उपलब्ध पाया गया. अंचलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आगामी मंगलवार को संबंधित राजस्व कर्मचारी की उपस्थिति में बरेदा पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में सभी खड़िया परिवार आवश्यक उपलब्ध दस्तावेजों के साथ उपस्थित हों, ताकि जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके.

यह भी पढ़ें: रांची: राज्य प्रशासनिक सेवा के 81 अफसर इधर से उधर
स्वास्थ्य सेवा की ली गयी जानकारी
भ्रमण के दौरान अंचलाधिकारी ने महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई. ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह एएनएम क्षेत्र में आती हैं, परंतु स्वच्छता व्यवस्था में कमी पाई गई. वहीं बच्चों से शिक्षा के संबंध में पूछताछ किए जाने पर कल्पना सबर, दिव्या सबर, दीपाली सबर एवं चिरंजी सबर सहित अन्य बच्चों ने नियमित रूप से विद्यालय जाने की जानकारी दी. ग्रामीणों से आजीविका एवं खान-पान के संबंध में जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ कि डाकिया योजना अंतर्गत प्राप्त चावल-दाल के अतिरिक्त ग्रामीण स्वयं सब्जी उत्पादन करते हैं तथा लघु वन उपज को स्थानीय साप्ताहिक हाट में विक्रय कर जीविकोपार्जन करते हैं. रोजगार के संबंध में पूछे जाने पर अधिकांश परिवारों द्वारा कार्य के लिए बाहर जाकर शाम तक वापस लौटने की जानकारी दी गई. इस दौरान कुछ परिवारों द्वारा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई, जिस पर अंचल अधिकारी एवं उनकी टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या समाधान का आश्वासन दिया गया. साथ ही अगले 15 दिनों के उपरांत पुनः क्षेत्र भ्रमण कर स्थिति में हुए सुधार एवं योजनाओं की प्रगति का आकलन करने की बात कही गई.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह: भीषण गर्मी और तकनीकी खराबी से चरमराई बिजली व्यवस्था, डीसी खुद पहुंचे पावर ग्रिड, जल्द बहाली के दिए निर्देश
