Saraikela: DC नीतिश कुमार सिंह ने सोमवार को चांडिल प्रखंड के सुदूरवर्ती गांवों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत चल रहे घर-घर एन्यूमरेशन एवं मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
कोड़ाबुरु, तुलग्राम और पालगाम में किया निरीक्षण
उपायुक्त ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धुनाबुरु के टोला कोड़ाबुरु, तुलग्राम और पालगाम का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं और ग्रामीणों से संवाद किया तथा एन्यूमरेशन प्रपत्रों के वितरण, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया और मतदाता सत्यापन की प्रगति की जानकारी ली.

बीएलओ के कार्यों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने मतदाताओं से अपने विवरण का सत्यापन कराने और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की.
दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं को प्राथमिकता देने के निर्देश
नीतिश कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि सभी BLO यह सुनिश्चित करें कि दिव्यांग, वृद्ध और विशेष श्रेणी के पात्र मतदाताओं तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंच बनाई जाए. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित नहीं रहना चाहिए.
दिव्यांग मतदाताओं के घर पहुंचकर जाना हालचाल
उपायुक्त ने क्षेत्र के दिव्यांग मतदाताओं के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और एन्यूमरेशन कार्य की स्थिति का अवलोकन किया. उन्होंने BLO को निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो.
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर जोर
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल नितिन कुमार, एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी चांडिल तलेस्वर रविदास, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बीएलओ भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे. उपायुक्त ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
ग्रामीणों ने रखीं स्थानीय समस्याएं
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने मोबाइल नेटवर्क सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
एक भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा
जिला प्रशासन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए.


