सरायकेला: जमीन विवाद में बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, पीड़ित का PHC में उपचार

Saraikela: चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटी पहाड़धार में संचालित नरसिंह इस्पात कंपनी पर एक ग्रामीण के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप...

जमीन विवाद में बुजुर्ग से मारपीट का आरोप

Saraikela: चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत खूंटी पहाड़धार में संचालित नरसिंह इस्पात कंपनी पर एक ग्रामीण के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगा है. घटना मंगलवार की बताई जा रही है. पीड़ित पक्ष ने कंपनी प्रबंधन और उसके प्रतिनिधियों पर जमीन विवाद को लेकर बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

जमीन विवाद के बाद बढ़ा तनाव

जानकारी के अनुसार खूंटी गांव निवासी अतुल महतो की कंपनी की बाउंड्री के बाहर एक जमीन है. बीते दिन को अतुल महतो जब अपनी जमीन देखने पहुंचे तो कंपनी के कुछ प्रतिनिधियों से उनकी कहासुनी हो गई. आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कंपनी से जुड़े लोगों ने कथित रूप से अतुल महतो के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस घटना में अतुल महतो घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में अतुल महतो को चौलीबासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. पीड़ित अतुल महतो और उनके परिजनों का आरोप है कि कंपनी के लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं और विरोध करने पर मारपीट की गई.

जेएलकेएम ने की बैठक की घोषणा

इस मामले की जानकारी मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों के अनुसार झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा JLKMM के नेता तरुण महतो ने बुधवार दोपहर 1 बजे कंपनी के पास ग्रामीणों की बैठक बुलाई है. बैठक में इस मामले पर चर्चा कर आगे की कानूनी और लोकतांत्रिक कार्रवाई पर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा. जेएलकेएम नेताओं का कहना है कि कंपनी क्षेत्र में आए दिन ग्रामीणों की जमीन और रोजगार को लेकर विवाद होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता.

इलाके में शांति, पुलिस की नजर

घटना के बाद फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है. चौका थाना पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है. पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से बयान लेकर मामले की जांच की जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनी और ग्रामीणों के बीच जमीन संबंधी विवादों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न दोहराई जाए. इस मामले में लगाए गए सभी आरोप पीड़ित पक्ष के हैं. समाचार प्रकाशित होने तक नरसिंह इस्पात कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. कंपनी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.

AlsoRead:आरोप: रांची में भू-माफियाओं ने तोड़ी जमीन की बाउंड्रीवॉल तोड़ी, विधवा महिला को दी जान से मारने की धमकी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *