Seraikela: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को लोडेड देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. वहीं, मौके से उसका एक साथी भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामला चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:50 बजे सूचना मिली थी कि पुड़ीसिल्ली-डोबो मार्ग पर स्कूटी सवार दो युवक हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं.सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने पुड़ीसिल्ली स्थित महतो होटल के पास घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की.
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस वाहन को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे. पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26 वर्ष) के रूप में हुई है. वह निर्मलनगर दोमुहानी बिलासबस्ती, थाना सोनारी, जिला पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर का रहने वाला है.
कमर में छिपा रखा था लोडेड कट्टा
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के बाएं कमर में खोंसा हुआ एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया. इसके साथ एक जिंदा गोली भी मिली. पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
आरोपी पर दर्ज हैं 10 गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक, गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी आदतन अपराधी है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ सोनारी थाना में हत्या के प्रयास, दंगा और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. इसके अलावा सोनारी थाना कांड संख्या 111/2022 में हत्या, साजिश और आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं.
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. सरायकेला-खरसावां पुलिस जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल शिव कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अधिकारी हसनैन अंसारी और कपाली ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.
ALSO READ: लोहरदगा: स्व. प्राण प्रसाद जायसवाल की 17वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
