Lohardaga: कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल की 17वीं पुण्यतिथि शनिवार को BIT. स्थित उनके आवास पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई, इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
जनसेवा और नेतृत्व को किया याद
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हाजी शकील अहमद ने कहा कि प्राण प्रसाद जायसवाल कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया. वहीं समाजसेवी ओम सिंह ने उन्हें मृदुभाषी, मिलनसार और संवेदनशील व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके सामाजिक कार्यों को प्रेरणादायी बताया.
नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील
जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने कहा कि स्व. जायसवाल ने हमेशा आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी और समाजहित में कार्य किए. BS कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शशि गुप्ता ने कहा कि उनके विचार और समाज के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रखेंगे.

बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी प्रमिला देवी, आशीष जायसवाल, विकास जायसवाल, प्रशांत जायसवाल समेत परिवार के सदस्य मौजूद रहे. इसके अलावा सुखदेव उरांव, डॉ. शंभूनाथ चौधरी, प्रो. शशि गुप्ता, ओम सिंह, एकरामुल अंसारी सहित कई सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सभा का समापन दो मिनट का मौन रखकर किया गया.
