Saraikela : पिछले सात महीने से झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान राशि का भुगतान नहीं किया गया है. इसके विरोध में झारखंड आंदोलनकारियों का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. धरना जिला मुख्यालय स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क में जारी है. धरना के दूसरे दिन भी जिला प्रशासन का कोई अधिकारी आंदोलनकारियों से मिलने नहीं पहुंचे है. आंदोलनकारी धनपति सरदार ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लंबे संघर्ष के दौरान अनेक आदिवासी-मूलवासी युवाओं ने अपने प्राणों की आहुति दी. आज उन्हीं आंदोलनकारियों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सम्मान राशि भी समय पर नहीं मिल रही है. उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां जिले में पिछले सात माह से सम्मान राशि का भुगतान लंबित है. जिसके कारण आंदोलनकारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है.आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक बकाया सम्मान राशि का भुगतान नहीं किया जाता और प्रशासन की ओर से कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.
अलग अलग संगठनों ने दिया समर्थन
धरना को अलग अलग संगठन समर्थन दिया. इसमें कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिबार जोंको ने धरना स्थल पहुंचकर धरना को समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि सम्मानित आंदोलनकारियों को अपनी ही सम्मान राशि के लिए धरने पर बैठना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. वहीं, राष्ट्रीय सूंडी समाज के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र मंडल ने भी आंदोलनकारियों के धरने का समर्थन करते हुए कहा कि सम्मान राशि का समय पर भुगतान होना चाहिए. उन्होंने सरकार से आंदोलनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान निकालने की अपील की.

धरना में शामिल लोग
धरना में मंच के केंद्रीय संयोजक धनपति सरदार, चांडिल से योगेश्वर बेसरा, बिजली माझीयान, शांति प्रधान, सोमचांद सिंह सरदार, सामोली माझीयान, मालती टुडू, भगत बेसरा, अल्पना बेसरा, दीपक प्रधान, सरायकेला से नाजिर पाड़ेया, लाभो महतो समेत अन्य मौजेद रहे.
ALSO READ : जम्मू-कश्मीर : सेना को देख नियंत्रण रेखा के पास से भागे घुसपैठिये, हथियार छोड़ गये


