Seraikela : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के अंतर्गत दावा और आपत्ति अवधि से संबंधित कार्यक्रम निर्धारित किया गया है. इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित तिथियों के अनुसार दावा और आपत्ति की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05 अगस्त, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. 08 और 09 अगस्त, 2026 को दावा और आपत्ति प्राप्त करने हेतु प्रथम विशेष मतदान केंद्र शिविर आयोजित होंगे. 15 अगस्त, 2026 को ग्राम सभाओं के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसके उपरांत 22 और 23 अगस्त, 2026 को द्वितीय विशेष मतदान केंद्र शिविर आयोजित किए जाएंगे.
Home-to-Roll Verification 25 अगस्त से शुरू
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, संशोधन या आपत्ति है, वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित मतदान केंद्र और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कार्यालय में आवश्यक प्रपत्र के साथ अपना दावा और आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं.
उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, BLO और संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप सभी गतिविधियों का प्रभावी संचालन, व्यापक प्रचार-प्रसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही दावा और आपत्ति अवधि के दौरान पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

