Saraikela: महिलाओं की सुरक्षा एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद सरायकेला SDO अभिनव प्रकाश एक्शन में दिखे. उन्होंने मंगलवार शाम सरायकेला-आदित्यपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का औचक निरीक्षण किया.
सर्विस लेन पर छलक रहे थे जाम
निरीक्षण के दौरान SDO ने पाया कि कांड्रा-सरायकेला और आदित्यपुर-टाटा मुख्य मार्ग की सर्विस लेन पर खुलेआम शराब का सेवन किया जा रहा था. दुकानों के बाहर, सड़क किनारे युवकों की टोलियां जाम छलका रही थीं. इससे आने-जाने वाली महिलाओं और परिवारों को परेशानी हो रही थी.
SDO अभिनव प्रकाश ने सर्विस लेन पर शराब पी रहे लोगों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी. कई लोगों का नाम-पता नोट कर थाने को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल पर शराब पीना कानूनन अपराध है. दोबारा पकड़े जाने पर FIR दर्ज कर जेल भेजा जाएगा.
दुकानदारों को भी हिदायत
SDO ने आसपास की दुकानों के संचालकों को भी हिदायत दी कि दुकान के सामने शराब पीने की इजाजत न दें. बोर्ड लगाकर ग्राहकों को सचेत करें. लापरवाही पर दुकान का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है.
ALSO READ: सरायकेला के अनुपम लाहा बने जिला टॉपर, ISC में 459 अंक, अब डिफेंस में जाने का सपना
महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता
SDO ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. कांड्रा, आदित्यपुर, गम्हरिया थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि कहीं भी सार्वजनिक स्थल पर शराब पीते या हुड़दंग करते देखें तो तुरंत 100 नंबर या स्थानीय थाना को सूचना दें.
