Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास के एक नए युग की ओर कदम बढ़ा रहा है. निवेशकों का भरोसा, झारखंड का विकास के मूलमंत्र के साथ आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026 के दूसरे दिन राज्य के विकास को एक बड़ी गति मिली. इस खास मौके पर मुख्यमंत्री बिजनेस टू गवर्नमेंट की अहम बैठक में शामिल हुए, जहां देश-दुनिया की दिग्गज तकनीकी कंपनियों ने झारखंड के बदलते परिवेश और सरकार की कार्यशैली की जमकर तारीफ की और राज्य के साथ मिलकर काम करने की मजबूत इच्छा जताई.
मुख्यमंत्री के विजन की सराहना, दिखा नया बदलाव
बैठक के दौरान गूगल इंडिया के हेड (गवर्नमेंट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी) राजेश रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विजन की खुले दिल से सराहना की. उन्होंने राज्य में आ रहे बदलावों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान में झारखंड सरकार की जो स्पीड (गति) और कमिटमेंट (प्रतिबद्धता) दिख रही है, वह पहले के मुकाबले काफी अलग और बेहद सकारात्मक है. यह नया दृष्टिकोण निवेशकों के भरोसे को और मजबूत करने वाला है.

डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और आधुनिक तकनीक से बदलेगी सूरत
आईबीएम इंडिया के सीनियर एडवाइजर तल्लीन कुमार ने झारखंड के भविष्य को लेकर कहा कि झारखंड में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और गवर्नेंस (सुशासन) के क्षेत्र में असीम संभावनाएं मौजूद हैं. तल्लीन कुमार ने जोर देकर कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाउड कंप्यूटिंग और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसी आधुनिक और अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाकर ही राज्य का सही और समग्र विकास संभव है.
सरकार के साथ कदम से कदम मिलाने को तैयार आइबीएम
झारखंड की इस विकास यात्रा में भागीदारी का भरोसा देते हुए आईबीएम के सीनियर एडवाइजर ने साफ किया कि इन सभी आधुनिक तकनीकों को धरातल पर उतारने और राज्य के विकास को नई ऊंचाई देने के लिए आईबीएम सरकार के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर काम करने को पूरी तरह तैयार है. दिग्गज कंपनियों के इस भरोसे से साफ है कि झारखंड अब प्रगति की राह पर तेजी से दौड़ने के लिए तैयार है.


