Ranchi: झारखंड में अब निवेश और रोजगार को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में होने वाला नेशनल स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन राज्य के लिए बहुत अहम कार्यक्रम होगा. इससे झारखंड में नई कंपनियों के आने का रास्ता खुलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके बनेंगे.

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि देश और विदेश की कई आईटी और टेक्नोलॉजी कंपनियों ने झारखंड में निवेश करने की इच्छा जताई है. सरकार इन कंपनियों को जमीन, जरूरी सुविधाएं और हर तरह की मदद देगी, ताकि वे आसानी से यहां उद्योग लगा सकें. उन्होंने कहा कि अगर बड़ी कंपनियां झारखंड आएंगी तो नए उद्योग लगेंगे, जिससे हजारों युवाओं को नौकरी मिलने की उम्मीद है. सरकार चाहती है कि झारखंड भी आईटी और उद्योग के क्षेत्र में देश के बड़े राज्यों की तरह अपनी पहचान बनाए. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि झारखंड स्वास्थ्य विभाग जल्द ही Google के साथ एक अहम समझौता (एमओयू) करने जा रहा है. इस समझौते के बाद अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं में नई डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ेगा. इससे लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा और तकनीकी क्षेत्र में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

AlsoRead:झारखंड में ‘डेविल्स ग्रुप’ का होगा खात्मा, चार जिलों की बनेगी संयुक्त स्पेशल टीम


