Seraikela: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा पशुपालन आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना (MPVY) के अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड में चयनित लाभुकों के बीच 12 यूनिट बकरी पालन योजना के तहत बकरियों का वितरण किया गया.
वैज्ञानिक तरीके से पालन की दी जानकारी
इस अवसर पर लाभुकों को वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन, पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी प्रदान की गईं, ताकि वे योजना का समुचित लाभ प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें. पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक यूनिट में 10 बकरियां और 1 बकरा शामिल है.

आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को आय का अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध कराने तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी. संबंधित अधिकारियों ने लाभुकों से पशुओं की उचित देखभाल करने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बकरी पालन को आय सृजन का सशक्त माध्यम बनाने का आग्रह किया.
लाभुकों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना से जुड़कर लाभुकों ने सरकार का आभार जताया. लाभुक सुनीता महतो ने कहा कि बकरी पालन से घर बैठे आमदनी होगी और बच्चों की पढ़ाई में मदद मिलेगी.
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी ईचागढ़, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे. जिले के अन्य प्रखंडों में भी योजना के तहत पशु वितरण का कार्य प्रगति पर है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में माहवारी स्वच्छता दिवस 2026 पर किशोरियों को किया गया जागरूक – Newswave Jharkhand
