बेरमो: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत सीसीएल गोविंदपुर कॉलोनी निवासी एक 24 वर्षीय युवती से शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और उससे लाखों रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता ने बोकारो थर्मल थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी युवक और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
फेसबुक के जरिए युवक से मिली थी युवती
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, पीड़िता की जान-पहचान वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से गया (बिहार) निवासी अंकित कुमार नामक एक युवक से हुई थी. युवक अक्सर बोकारो थर्मल स्थित अपने रिश्तेदार मौसा के घर आता-जाता था. इसी दौरान उसने युवती को विश्वास में लिया और विवाह का प्रस्ताव रखा. आरोप है कि दिसंबर 2024 में युवक ने युवती को अपने जीएम कॉलोनी स्थित मौसा के घर बुला अकेले पाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया और विरोध करने पर शादी का वादा कर मामला शांत करा दिया.
युवक ने युवती से ठगे 1,19,100 रुपये
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देकर लगातार मेल-जोल बनाए रखा. वह उसे गोमिया के हजारी स्थित और रांची के रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटलों में ले गया, जहां उसने युवती का शारीरिक शोषण किया. जब भी युवती शादी का दबाव बनाती, वह उसे पत्नी की तरह ही रखने का दिलासा देकर टाल देता था. यौन शोषण के साथ-साथ आरोपी ने युवती से आर्थिक ठगी भी की. आवेदन में उल्लेख है कि आरोपी ने अपनी जरूरतों का हवाला देकर किस्तों में कुल 1,19,100 रुपये (नकद और ऑनलाइन) युवती से ऐंठ लिए. हद तो तब हो गई जब जनवरी 2026 में उसने फिर से एक लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर शादी से इनकार कर दिया.
दूसरी जगह शादी तय करने की धमकी दे रहे युवक के परिवार वाले
मामला बिगड़ने पर जब दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, तो युवक के पिता ने पहले शादी की बात स्वीकार की, लेकिन बाद में मुकर गए. पीड़िता का आरोप है कि अब युवक के परिवार वाले अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं और 10 लाख रुपये दहेज मिलने की बात कहकर दूसरी जगह शादी तय करने की धमकी दे रहे हैं. युवती का नंबर भी ब्लॉक कर दिया गया है. पुलिस आवेदन के आधार पर कांड संख्या 18/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप: झारखंड की बड़ी जीत, क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
