Chakradharpur: चक्रधरपुर के रेलवे लोको कॉलोनी में शीतला माता पूजा पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हो गई है. इसी क्रम में बुधवार को माता शीतला पूजा की भव्य घट यात्रा निकाली गई. यह यात्रा रेलवे के पंचमोड़ स्थित बालाजी मंदिर के समीप तालाब के पास से आरंभ हुई.

रेलवे क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का किया गया भ्रमण
यात्रा शुरू होने से पूर्व पुजारी द्वारा हल्दी से माता शीतला की प्रतिमा का निर्माण किया गया. इसके बाद मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ माता शीतला की पूजा-अर्चना संपन्न हुई. पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने माता शीतला की प्रतिमा को सिर पर धारण कर रेलवे क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया.
कई श्रद्धालु रास्ते में लेटकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए
शोभायात्रा आरई कॉलोनी, केंद्रीय विद्यालय, ईस्ट कॉलोनी, रेलवे स्टेशन एवं डीआरएम कार्यालय होते हुए लोको कॉलोनी स्थित शीतला मंदिर पहुंची. यात्रा के दौरान भक्त माता की प्रतिमा निर्माण में उपयोग की गई हल्दी को एक-दूसरे को लगाते हुए प्रसाद स्वरूप बांटते चले.
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था. कई श्रद्धालु रास्ते में लेटकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते नजर आए तथा श्रद्धाभाव के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया. पूजा एवं यात्रा को लेकर लोको कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना रहा.
यह भी पढ़ें: बकरीद को लेकर लेस्लीगंज पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
