Simdega: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) एवं जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, सिमडेगा जिला इकाई की ओर से शनिवार को समाहरणालय के समीप धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री के इस्तीफे तथा पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई.
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
मुख्य वक्ता भाजपा जिला महामंत्री रवि गुप्ता ने कहा कि जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं ने लाखों युवाओं की वर्षों की मेहनत और सपनों पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है.

सीबीआई जांच की मांग
रवि गुप्ता ने कहा कि भाजपा किसी भी योग्य अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कहा, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि भर्ती प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पूरे मामले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच करानी चाहिए.”

योग्य अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की बात
उन्होंने कहा कि दोषियों को कठोर सजा मिले और योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिले. भाजपा युवाओं की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी.
ALSO READ: सिमडेगा: सांसद पप्पू यादव के साधु वेश धारण करने के विरोध में विहिप ने किया सद्बुद्धि हवन
