Simdega: सदर थाना क्षेत्र के खैरनटोली पेट्रोल पंप के पास एक टेलर वाहन की चपेट में आने से मंगलवार सुबह एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने किया एनएच 143 जाम. बताया गया कि बरपानी निवासी आसीन प्रधान नामक युवक अपने बाइक पर काम करने ठेठईटांगर की तरफ जा रहा था. इसी क्रम में खैरनटोली पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार टेलर ट्रक उसे पीछे से धक्का मारकर कर राउरकेला की तरफ भाग गई. इधर घटना में आसीन की मौके पर हीं मौत हो गई.
मुआवजा के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटा
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच 143 को जाम कर दिया. घटना की सूचना के बाद मौके पर सदर थाना प्रभारी संजीत कुमार दलबल के साथ पहुंचे. इधर एनएच जाम होने की सूचना पर एसडीओ सुमंत तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, सदर सीओ इम्तियाज अहमद और नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा भी घटना स्थल पहुंचे. सड़क जाम कर रहे लोगों से अधिकारियों ने बातचीत करते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा और अन्य सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया. इस दौरान करीब डेढ़ घंटे एनएच जाम रही. मौके पर सदर सीओ इम्तियाज अहमद ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में ₹10000 दिए. घटना का कारण एनएच का फ्लैंक कटा हुआ बताया गया. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फ्लैंक कटे होने के कारण बाइक सवार पीछे से ओवरटेक करती टेलर ट्रक से बचने के लिए सड़क के नीचे बाइक उतारी. लेकिन फ्लैंक कटे होने के कारण बाइक गिर गई और ट्रक का चक्का बाइक सवार के सिर को कुचलते हुए फरार हो गई. हालांकि पुलिस ने घटना के कारित करने वाले टेलर ट्रक को पकड़ लिया है. इधर घटना के बाद लोगों ने जिला प्रशासन से एनएच के फ्लैंक को ठीक करवाने की मांग की है.



