Simdega: सदर थाना क्षेत्र के खूंटी टोली चौक के पास 9 अगस्त की देर रात ड्यूटी के दौरान एएसआई अरुण कुमार सिंह को ट्रैक्टर से कुचलकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रोहित गोप, विजय डुंगडुंग और ट्रैक्टर मालिक बालकेश्वर ग्वाला शामिल हैं. एसडीपीओ सिमडेगा धर्मदेव पासवान ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस ने तामड़ा रोड की ओर से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को आते देखा. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ASI अरुण कुमार सिंह को कुचलते हुए मौके से फरार हो गए. हादसे में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज रांची में चल रहा है.

एसआईटी ने शुरू की थी जांच
घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई. तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस ने रोहित गोप और विजय डुंगडुंग को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि ट्रैक्टर मालिक बालकेश्वर ग्वाला के निर्देश पर घटना को अंजाम दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने बालकेश्वर ग्वाला को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

