Ranchi: राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, कमलेश और विजय बाइक से कांके मार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे.
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. घायलों की पहचान कमलेश और विजय के रूप में हुई है. कमलेश ओरमांझी का रहने वाला है, जबकि विजय चान्हो का निवासी बताया गया है.
दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस ने कब्जे में लिए
कांके थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की. दोनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और बाइक को कब्जे में ले लिया है. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
ALSO READ: चीनी के बढ़ते दाम पर प्रशासन सख्त, डालटनगंज के थोक गोदामों में स्टॉक की जांच

